प्रदेश में शिक्षकों की प्रक्रियाधीन भर्तियों, रिक्त पदों एवं नियुक्तियों के सम्बन्ध महत्वपूर्ण जानकारी, जाने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने क्या कहा? पूरी जानकारी यहां देखें।

जयपुर | शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहल पर प्रदेश के विद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को काफी तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिसम्बर, 2018 से अब तक विभाग में 64,706 पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं और 24,966 पदोन्नतियां की गई हैं। इन नियुक्तियों के अलावा शिक्षा विभाग में विभिन्न श्रेणी के शिक्षकों के 94,845 पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। प्रारम्भिक शिक्षा के अन्तर्गत 15,500 पदों पर जिला परिषदों द्वारा 25 मई, 2022 तक नियुक्ति प्रदान कर दी जाएगी।

आपकों बता देते हैं कि मंगलवार को सीएम निवास पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित किया। इस बैठक में मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा के अलावा विभिन्न अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बताया कि प्रदेश के विद्यालयों में विद्यार्थियों का नामांकन 98.5 लाख से अधिक हो गया है, जो कि अब तक उच्चतम नामांकन है। मुख्यमंत्री गहलोत ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि आगामी शिक्षा सत्र 2022-23 में योजनाबद्ध तरीके से प्रवेशोत्सव आयोजित कर विद्यालयों का नामांकन 1 करोड़ से अधिक पंहुचाया जाये। साथ ही समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि इंग्लिश मीडियम स्कूलों में शिक्षकों का कैडर बनाने और 10,000 इंग्लिश मीडियम के अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाये।