46,500 पदों पर होने वाली आगामी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने की लेवल-2 में पद बढ़ाने की मांग


प्रदेश में होने वाली आगामी शिक्षक भर्ती लेवल-2 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग तेज हो गयी है। लेवल-2 में 6 हजार पद घटाकर 25,500 पदों पर भर्ती के फैसले का बेरोजगारों ने विरोध किया है। लेवल-2 भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य सरकार को तुरन्त लेवल-2 के पदों में बढ़ोतरी की घोषणा करनी चाहिए। प्रदेश में 46,500 पदों के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन 4 एवं 5 फरवरी 2023 को किया जायेगा। आपकों बता देते हैं कि कल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बताया कि शिक्षा विभाग की आगामी शिक्षक भर्ती परीक्षा में 46,500 अध्यापकों की भर्ती हेतु स्वीकृती जारी की है। इसमें लेवल-1 में 21,000 पद व लेवल-2 में 25,500 पद हैं। इन पदों में विशेष शिक्षा अध्यापकों के 4,500 पद भी शामिल होंगे।

लेवल-2 के अभ्यर्थियों का कहना है कि हमें लेवल-1 के पद बढ़ने से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन लेवल-2 में पदों की संख्या में कटौती से बेरोजगारों में राज्य सरकार के विरुद्ध रोष है। बेरोजगारों का कहना है कि राज्य सरकार ने अगर लेवल-2 के पदों में बढ़ोतरी नहीं कि तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जायेगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की स्वीकृति के बाद अब राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के द्वारा अध्यापक लेवल-1 एवं अध्यापक लेवल-2 के लिए विज्ञप्ति जारी की जायेगी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड शिक्षक भर्ती के लिए सिलेबस पहले से ही जारी कर चुका है।