48 हजार पदों पर हुई शिक्षक भर्ती लेवल-1 एवं लेवल-2 के परिणाम के सम्बन्ध परीक्षार्थियों के लिए आई महत्वपूर्ण अपडेट


जयपुर | प्रदेश में 25 फरवरी से 1 मार्च 2023 तक 48 हजार पदों पर हुई शिक्षक भर्ती के परिणाम की प्रतीक्षा रहे परीक्षार्थियों का इंतजार समाप्त होने वाला है। परीक्षार्थियों के लिए अच्छी खबर यह है कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड इस महीने के अंतिम सप्ताह से शिक्षक भर्ती का परिणाम घोषित करना शुरू कर देगा। परीक्षार्थियों को बता देते हैं कि सबसे पहले अध्यापक लेवल-1 का परिणाम जारी किया जाएगा और इसके बाद अध्यापक लेवल-2 के अलग-अलग विषयों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड 15 जून से पहले सभी विषयों का परिणाम जारी करने की कोशिश कर रहा है।

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा शिक्षक भर्ती लेवल-1 व लेवल-2 की Answer Key जारी करने के बाद अभ्यर्थियों से प्रश्नों से सम्बंधित आपत्तियां मांगी गई थी। शिक्षक भर्ती लेवल-1 व लेवल-2 में कुल 77 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज की गई थी। इसके बाद सूचना सहायकों व मंत्रालयिक कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से इन आपत्तियों की जांच का काम अटक गया। इसी कारण राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को शिक्षक भर्ती का परिणाम जारी होने में समय लग गया। प्रदेशभर के बेरोजगारों ने राज्य सरकार से मांग की है कि शीघ्र ही शिक्षक भर्ती लेवल-1 व लेवल-2 का अंतिम परिणाम जारी कर दस्तावेज सत्यापन एवं जिला आवंटन का कार्य पूरा किया जाए जिससे 48000 अभ्यर्थियों का शिक्षक बनने का सपना शीघ्र ही पूरा हो सके। प्रदेश में इस वर्ष विधानसभा के चुनाव होने हैं, अभ्यर्थी चाहते हैं कि प्रदेश में आचार संहिता लगने से पहले 48000 पदों पर शिक्षक भर्ती की सम्पूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होकर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे दी जाए।